फरीदाबाद : सोमनाथ भारत की संस्कृति, आस्था और स्वाभिमान का अमर प्रतीक : कृष्ण पाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : सोमनाथ भारत की संस्कृति, आस्था और स्वाभिमान का अमर प्रतीक : कृष्ण पाल गुर्जर


सैनिक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’

फरीदाबाद, 11 मई (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति, आस्था, ज्ञान, शौर्य और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। सोमनाथ मंदिर भारतीय सभ्यता की उस अमर चेतना का प्रतिनिधित्व करता है, जिसने अनेक आक्रमणों और संघर्षों के बावजूद अपनी पहचान, गौरव और आध्यात्मिक शक्ति को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखा। श्री गुर्जर सोमवार को सैनिक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में एक्स सैनिक सोसायटी के प्रधान राकेश धुन्ना द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा, सतीश फ़ागना, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया भी मौजूद रहे। इस अवसर पर राकेश धुन्ना के संयोजन में केद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व विधायकों का भव्य स्वागत किया गया। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सर्वप्रथम सैनिक कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, अन्य श्रद्धालु, एवं विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़चढ़ भाग लिया। कलश यात्रा सैनिक कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होते हुए सैनिक कॉलोनी के शिव मंदिर पहुंची। सरदार पटेल ने स्पष्ट कहा था कि सोमनाथ का पुनर्निर्माण भारत के स्वाभिमान का पुनर्जागरण है। कार्यक्रम के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर प्रांगण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ वातावरण को शिवमय कर दिया। इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा, बडख़ल एसडीएम त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, पार्षद सुमन बाला, हरिकिशन बिरोती, जगत सिंह भड़ाना, हरेंद्र भड़ाना, अंजू भड़ाना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story