केंद्रीय मंत्री की राज्य सभा सांसद को नसीहत,दुनिया से जाने वालों के लिए अच्छे शब्द इस्तेमाल करें

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री की राज्य सभा सांसद को नसीहत,दुनिया से जाने वालों के लिए अच्छे शब्द इस्तेमाल करें


केंद्रीय राज्यमंत्री ने दी राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को नसीहत

फरीदाबाद, 05 मई (हि.स.)। हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए गए बयान को लेकर राजनीति गरमा गई है। केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रेखा शर्मा पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई भी नेता हो, उसको भाषा पर संयम रखना चाहिए। किसी को भी अपने बड़े नेता के लिए छोटी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। गुर्जर ने कहा कि चौधरी भजनलाल और बंसीलाल लंबे समय तक सीएम रहे। चौ देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला, मनोहर लाल खट्टर, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सभी ने प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया है। ये सभी हमारे हरियाणा की शान हैं। इन सभी ने हरियाणा के विकास में अपना योगदान दिया है, इसलिए ऐसे बड़े लोगों के खिलाफ बोलने से पहले किसी को भी एक बार सोचना चाहिए। जो लोग इस दुनिया से चले गए हैं, उनके लिए अच्छे शब्दों का प्रयोग होना चाहिए। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाने में कुलदीप बिश्नोई का बहुत बड़ा सहयोग रहा है। गुर्जर ने कहा कि वो हमेशा इस पक्ष में रहे हैं कि चाहे किसी भी पार्टी का नेता या कार्यकर्ता हो, उसको बड़े नेताओं के खिलाफ छोटी बात नहीं करनी चाहिए। हमेशा सभी को अच्छे शब्दों का प्रयोग करना चाहिए। बड़े नेता को जी लगाने में, अच्छा बोलने में किसी का क्या घट जाता है। इससे आदमी का खुद का ही वजन बढ़ता है। 24 अप्रैल को पंचकूला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर ब्यान दिया था। उस समय मंच पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे। गुर्जर ने कहा कि राजनीति में मतभेद होते हैं लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। हम सब मिलकर हरियाणा के विकास के लिए काम करें। किसी के भी योगदान को हम कम करके नहीं देख सकते हैं। सभी ने अपनी योग्यता और क्षमता के अनुसार हरियाणा को आगे बढ़ाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story