फरीदाबाद : जंगल में मिला पुजारी का शव, हत्या की आशंका
फरीदाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में मंदिर के पास पुजारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस ने पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात कही है। हालांकि, पुलिस अभी मौत के कारणों को लेकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया है कि ओम प्रकाश यादव पिछले करीब एक साल से इसी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर के पुजारी की हत्या हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मदिंर में जाकर तलाशी ली, तो मंदिर के पीछे नहर किनारे जंगल में शव पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। सराय एसीपी संदीप मोर ने बताया कि पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत चोट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास जांच करने के साथ-साथ मंदिर से जुड़े लोगों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

