फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा लाभ कमाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी हरदेव रावत व वरिष्ठ चाहर के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सेक्टर-22, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 6 जुलाई 2025 को उसे व्हाट्सएप के माध्यम से एक ऐप-बेस्ड इन्वेस्टमेंट ग्रुप से जोड़ा गया। फिर उसका एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया गया और निवेश संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए एक अन्य ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में उसे 2-3 महीनों में 850 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से ठगों द्वारा बताए गए खातों में कुल 50 लाख 60 हजार रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद उसके अकाउंट में लगभग तीन करोड़ रुपये दर्शाए जाने लगे और जब राशि निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इस संबंध में संपर्क करने पर आरोपियों ने 61 लाख रुपये कमीशन के रूप में जमा कराने की मांग की। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वरिष्ठ चाहर ने अमान हुसैन का खाता खुलवाया हुआ था तथा उसने यह खाता आगे अमन कौशल को दिया था और अमन कौशल ने इस खाता आगे हरदेव को दे दिया। वरिष्ठ चाहर व हरदेव दोनों 12वीं पास है। दोनों आरोपितों को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अमान हुसैन खाताधारक व अमन कौशल को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

