फरीदाबाद : निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार


फरीदाबाद, 05 मई (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने मंगलवार को एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी राजस्थान के रुप में हुई है, जिसे पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अजय कुमार ने अपने दोस्त सुनील का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की सात लाख 65 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। वह जयपुर में इवेंट ऑर्गनाइजेशन का कार्य करता है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं खाताधारक सुनील को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गौरतलब है कि 8 मार्च 2024 को सेक्टर-28 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में धोखाधड़ी की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। जिसमें उसने जानकारी दी थी कि ठगों ने फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म पर उसका खाता खुलवाकर निवेश के नाम पर उसके साथ 96 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की गई थी। एक अन्य ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस टीम ने खाताधारक मुरारी भाई पटेल निवासी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार, सेक्टर-55 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 29 अगस्त 2025 को उसे एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में उसे आइपीओ अलॉटमेंट के नाम पर 850 प्रतिशत गारंटीड लाभ का लालच दिया गया। ठगों द्वारा उसे एक एप डाउनलोड कर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। उसने उनके कहने पर निवेश करना शुरू किया, जिसके बाद कुछ समय में उसके पोर्टफोलियो में करीब 97 लाख रुपये दिखने लगे। जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया, तो उससे सर्विस फीस के नाम पर और पैसे मांगे गए। इस पर उसने 14 लाख 44 हजार 343 लाख रुपये और जमा कर दिए, लेकिन उसे कोई राशि वापस नहीं मिली। इस प्रकार ठगों ने धोखाधड़ी कर उससे कुल 39 लाख 95 हजार 343 रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story