फरीदाबाद : निवेश के नाम पर 2.44 करोड़ रुपये की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : निवेश के नाम पर 2.44 करोड़ रुपये की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर दो करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने तीन और आरोपितो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हर्ष(25), राहुल(30) व सर्वेश(20) निवासी दिल्ली के रुप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सोमवार को तीनों को अदालत में पेश कर राहुल व सर्वेश को जेल व हर्ष को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर ओरा डॉट कॉम से संबंधित ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उक्त प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर निवेश संबंधी जानकारी दी। इसके बाद कथित कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के साथ जूम मीटिंग की और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने निवेश के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल दो 44 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित हर्ष खाताधारक है, जिसने अपना खाता राहुल को दिया था वहीं सर्वेश ने आरोपित भीम का खाता आगे ठगो को दिया था। भीम को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। हर्ष के खाता में ठगी के दो लाख 50 हजार रुपये आये थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story