फरीदाबाद : अवैध शराब की भट्ठी पकड़ी, 800 लीटर शराब की नष्ट
फरीदाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अनंगपुर गांव के जंगलों में अवैध तरीके से शराब बनाने की एक भट्ठी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच बडख़ल, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 और आबकारी विभाग की टीम सूचना के आधार पर सोमवार को जंगल में छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके पर तैयार करीब 800 लीटर नकली शराब को नष्ट कर दिया। क्राइम ब्रांच इंचार्ज अनिल छिल्लर ने बताया कि क्राइम ब्रांच बडख़ल को सूचना मिली थी कि अनंगपुर के जंगल में कुछ लोग अवैध तरीके से शराब तैयार कर रहे हैं। शराब बनाने के लिए यूरिया, गुड़, पेड़ों की छाल और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना बाद क्राइम ब्रांच और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। टीम जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों को पुलिस की कार्रवाई की भनक लग गई। इसके बाद दो आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश भी की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर करीब 800 लीटर तैयार कथित नकली शराब मिली। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किया गया। टीम ने तैयार शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि शराब बनाने का काम जंगल के सुनसान इलाके में कथित तौर पर छिपकर किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब को कहां सप्लाई किया जाना था और इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम फरार दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

