फरीदाबाद : निगम के दस्ते ने ग्रीन बेल्ट पर बने अवैध निर्माण हटाए
फरीदाबाद, 01 मई (हि.स.)। फरीदाबाद नगर निगम ने शहर में ग्रीन बेल्ट पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को एनआईटी-3 क्षेत्र में निगम की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से ग्रीन बेल्ट पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान दुकानों और कंपनियों के बाहर बनाए गए अवैध रैंप तोड़े गए, साथ ही जाल लगाकर कब्जा की गई जमीन को भी मुक्त कराया गया। नगर निगम कमिश्नर धीरेन्द्र खडग़टा ने बताया कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में जहां-जहां ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध कब्जे किए गए हैं, वहां लगातार अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाएगा। जिन लोगों ने ग्रीन बेल्ट पर अवैध गेट या अन्य निर्माण कर रखे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों ने स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण किया है, उन्हें किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह अभियान केवल अवैध कब्जों के खिलाफ है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि फरीदाबाद की सुंदरता और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण न करें और नगर निगम के इस अभियान में सहयोग करें। निगम का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

