फरीदाबाद : पुलिस काे सूचना देने के शक पर आरोपियों ने युवक को कुचला

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पुलिस काे सूचना देने के शक पर आरोपियों ने युवक को कुचला


फरीदाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद में सीआईए से बचकर भाग रहे स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने एक युवक को कुचल दिया। आरोपियों ने युवक को मारने के लिए करीब 200 मीटर तक उसका पीछा किया। जब युवक सड़क क्रॉस कर भागने लगा ताे आरोपियों ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरोपी कई फीट दूर जाकर गिरा। आरोपियों ने टक्कर मारकर पास के ही एक मकान की दीवार भी गिरा दी। घटना में युवक को गंभीर चोटें लगीं हैं। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कॉर्पियो सवारों का शक था कि पीड़ित ने सीआईए को उनके ठिकाने की सूचना दी है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी युवक को टक्कर मारते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल यमुनानगर सीआईए की टीम चोरी के एक मामले में बुधवार को धौज निवासी परवेज तालिम को पकडऩे के लिए फरीदाबाद आई थी। आरोपी को पहले से ही टीम के आने की भनक लग गई। इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने आरोपी की गाड़ी का पीछा भी किया, मगर आरोपी उनको चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर सीधा सिरोही गांव पहुंचा। यहां उसने नफीस के घर में घुसकर गाली-गलौज की। परवेज को शक था कि नफीस ने ही उसके बारे में सीआईए को जानकारी दी है। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष हंगामा करते- करते खेतों की तरफ आ गए। इसके बाद आरोपी ने नफीस को कुचलने के लिए उसके पीछे गाड़ी दौड़ा दी। गाड़ी की टक्कर लगते ही नफीस दूर जाकर गिरा। उसके गंभीर चोटें लगीं हैं। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। नफीस के साथ इस घटना में तीन-चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वहीं आरोपी परवेज गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story