फरीदाबाद : हाईटेंशन लाइन से टकराई हाइड्रा क्रेन, ऑपरेटर झुलसा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : हाईटेंशन लाइन से टकराई हाइड्रा क्रेन, ऑपरेटर झुलसा


फरीदाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी की गली नंबर-29 में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक कंपनी की छत पर मशीन चढ़ाते समय हाइड्रा क्रेन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे जोरदार धमाका हो गया। हादसे में हाइड्रा क्रेन चला रहा युवक और उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में स्थित एसवी मनी मेट्रोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक वर्कशॉप जैसी कंपनी में शनिवार सुबह कंपनी की छत पर सीएनसी मशीन चढ़ाने का काम चल रहा था। इसके लिए हाइड्रा क्रेन को गली के अंदर लाकर मशीन को रस्सियों और हुक की मदद से बांधा गया था और उसे ऊपर छत तक उठाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान क्रेन का बूम कंपनी के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही क्रेन का बूम बिजली की लाइन से टच हुआ, उसमें तेज करंट दौड़ गया और जोरदार धमाका हो गया। हादसे में हाइड्रा क्रेन चला रहा युवक सुमित करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। वहीं जो साथी मनोज छत पर खड़ा होकर मशीन को पकड़ रहा था, उसे भी करंट का झटका लगा और वह छत से नीचे गली में गिर गया। गिरने से मनोज के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को तुरंत आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सुमित की हालत ज्यादा गंभीर है और उसके हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए हैं, जबकि पैर की उंगलियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घायलों के परिजन मुकेश कुमार का आरोप है कि काम शुरू करने से पहले बिजली की लाइन बंद नहीं करवाई गई थी। उनका कहना है कि कंपनी मालिक की ओर से यह कहा गया था कि बिजली की लाइन कटवा दी गई है, लेकिन वास्तव में लाइन चालू थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। परिजनों ने मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज कैलाश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, उस समय क्रेन का ऊपरी हिस्सा बिजली की लाइन से टच होने के कारण उसमें आग भी लग गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story