फरीदाबाद : मुठभेड़ के बाद 28 मुकदमों में हिस्ट्रीशीटर सोनू गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : मुठभेड़ के बाद 28 मुकदमों में हिस्ट्रीशीटर सोनू गिरफ्तार


फरीदाबाद, 11 जून (हि.स.)। अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरों में चोरी की वारदातों में वांछित हिस्ट्रीशीटर सोनू को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ गुरुवार की अल सुबह आईएमटी से मच्छगर जाने वाले रास्ते पर हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर टीम आरोपित को पकडऩे पहुंची थी। इस दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर चार फायर किए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित थाना पल्ला क्षेत्र में घरों में चोरी की वारदातों के मामलों में वांछित चल रहा था। उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न अपराधों से संबंधित 28 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर रही है और उससे चोरी की अन्य वारदातों समेत उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story