फरीदाबाद: बारिश में 50 से अधिक सडक़ें हुई जलमग्र

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद: बारिश में 50 से अधिक सडक़ें हुई जलमग्र


अंडरपास में डूबी स्कूल बस और फॉच्र्यूनर गाड़ी

फरीदाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। पिछले चार दिनों से जारी बारिश शनिवार को भी बदस्तूर जारी रही। बारिश के चलते फरीदाबाद की 50 से अधिक सडक़ों को जलमग्र कर दिया है। निरंतर हो रही बारिश के चलते जहां जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है वहीं लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में अब तक हुई 113 एमएम बारिश ने प्रशासन की मानसून को लेकर तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के ओल्ड, ग्रीनफील्ड अंडरपास को आज भी बंद रखा गया है। दोनों अंडरपास के दोनों तरफ पुलिस को तैनात किया गया है। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले 24 घंटो में जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार-शनिवार को हुई बारिश से फरीदाबाद के दयाल बाग,सेक्टर 16, सेक्टर 14 , विनय नगर , ओल्ड में घरों के अंदर पानी भर गया। बारिश से डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे सर्विस रोड, दिल्ली-आगरा हाईवे समेत प्रमुख संपर्क मागों और विभिन्न कॉलोनियों सहित 50 से अधिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सेक्टर-37 के पेट्रोल पंप के पास डीएनडी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर करीब एक किलोमीटर तक पानी भरने से वाहन ड्राइवरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सर्विस रोड पर करीब डेढ़ फुट पानी होने से ऑटो-दोपहिया समेत कई वाहन पानी में बंद हो गए। जबकि कारों और अन्य वाहनों को रेंग-रेंगकर निकलना पड़ा। जलभराव के कारण कई स्थानों पर सडक़ें तालाब जैसी दिखाई दीं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। लगातार हो रही बारिश के चलते ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी भर गया। जलभराव के कारण दोपहर व शाम के समय एक स्कूल बस और फॉच्र्यूनर कार पानी में फंस गई। गनीमत रही कि स्कूल बस में बच्चे मौजूद नहीं थे। बस ड्राइवर और कर्मचारी जान बचाने के लिए बस की छत पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं शाम को पानी में फंसी फॉच्र्यूनर कार के करीब 60 वर्षीय ड्राइवर को भी पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। महराजपुर, ग्रीनफील्ड और गुरुकुल रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भर गया। ऐसे में यातायात पुलिस ने चारों रेलवे अंडरपास को बंदकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। नेशनल हाईवे के मुजेसर मोड़, अजरौंदा, बल्लभगढ़ बस अड्डा के बाहर, नीलम-बीके रोड, सेक्टर-21सी, सेक्टर-21डी, सेक्टर-ए, सेक्टर-15, संजय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, मैट्रो मोड़, पल्ला इस्माइलुपर रोड, इस्माइलपुर-जैतपुर रोड आदि 50 अधिक सडक़ों पर दिनभर जलभराव की स्थिति बनी रही। एफएमडीए के एक्सईएन ओमदत ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में पानी निकासी का काम लगातार जारी है। उन्होंने जितना अनुमान लगाया था, उससे अधिक बारिश हुई है। ओल्ड अंडरपास में लोगों के द्वारा रोके जाने के बाद भी कार ड्राइवर पानी में कार को लेकर घुस गया। स्थानीय लोगों ने उसको बाहर निकाला है, जिसको इलाज के भर्ती कराया गया है। शहर में जंहा भी जलभराव है, उसके लिए राहत कार्य जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story