एचसीएस परीक्षा के बायोमेट्रिक जांच में पकड़ा गया फर्जी अभ्यर्थी, असली उम्मीदवार भी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। एचसीएस प्रारंभिक परीक्षा में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। फरीदाबाद के सेक्टर 7सी स्थित परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक जांच के दौरान एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। पुलिस ने फर्जी परीक्षार्थी और असली अभ्यर्थी दोनों को हिरासत में ले लिया है।जिला प्रशासन के अनुसार, शहर में एचसीएस प्रारंभिक परीक्षा के सुबह के पहले सत्र में केएल महता दयानन्द पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 7सी में बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान यह युवक पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए युवक का नाम विशाल कुमार है, जो किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। असली अभ्यर्थी भी परीक्षा केंद्र के आसपास मौजूद था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गडबड़ी नही होने दी जायेगी। पुलिस पुरे मामले की जांच कर रही है। उन्हाेंने बताया कि शहर में इस परीक्षा के लिए 80 सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 22 हजार 776 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैै। हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन सिस्टम और जैमर की लगाया गया है। सेंटर के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

