फरीदाबाद : मातृ वंदना योजना के तहत रुपए दिलाने का झांसा देकर महिला से लाखों की ठगी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : मातृ वंदना योजना के तहत रुपए दिलाने का झांसा देकर महिला से लाखों की ठगी


फरीदाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मातृ वंदना योजना के तहत छह हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला के बैंक खाते से एक लाख् 48 हजार 754 रुपये निकाल लिये। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अक्षय उर्फ रोहित निवासी मुम्बी, जिला झुंझुनू, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिव कॉलोनी, गांव जाजरू निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि उनकी देवरानी को बेटी हुई थी। उत्तर प्रदेश सरकार की मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली छह हजार रुपये की सहायता राशि के संबंध में 9 अक्टूबर 2026 को उनके देवर प्रवेश का फोन आया। प्रवेश ने बताया कि योजना की राशि उनके खाते में नहीं आ रही है और इस संबंध में उसने महिला का मोबाइल नंबर संबंधित व्यक्ति को दे दिया है। इसके बाद महिला के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने मातृ वंदना योजना के तहत छह हजार रुपये भेजने का झांसा देकर महिला को अपने मोबाइल पर उसके बताए अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने महिला को एक यूपीआई आईडी भेजी, जिसे महिला ने अपने फोनपे ऐप में दर्ज कर दिया।

इसके बाद महिला के बैंक खाते से दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से पहली बार 96 हजार 754 रुपये और दूसरी बार 52 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस प्रकार महिला के खाते से कुल एक लाख 48 हजार 754 रुपये की साइबर ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने पिता का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। उसने अपने पिता के इस खाते में अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करवा रखा था। ठगी की रकम में से 96 हजार 754 रुपये आरोपी द्वारा उपलब्ध करवाए गए उक्त बैंक खाते में आए थे। पुलिस ने उसको अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story