फरीदाबाद : छात्रा से गैंगरेप मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में एक खंडहर बिल्डिंग के अंदर नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार रात्रि आरोपितों का मेडिकल कराया, उसके बाद पुलिस ने तीनों को रात में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बीपीटीपी थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि थाना क्षेत्र की आठवीं क्लास की एक किशोरी 24 अगस्त को ट्यूशन से घर वापस आ रही थी। इस दौरान वह अपने एक दोस्त से मिलने चली गई। जब वह अपने दोस्त के साथ थी तो छह युवक उसका पीछा करते हुए खंडहर की बिल्डिंग में पहुंच गए। इसके बाद दोनों को डरा-धमकाकर उनके साथ गैंग रेप किया। पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के साथ गैंगरेप की बात बताई गई है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल के आधार पर गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा किशोरी के दोस्त के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार किया गया है। किशोरी की उम्र 13 साल है जबकि उसके दोस्त की उम्र 16 साल है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात को करीब एक महीने पहले अंजाम दिया गया था। दोनों बच्चों ने पहले डर के कारण इस वारदात को माता-पिता से छिपाकर रखा। इसके बाद जब दोनों मानसिक रूप से ज्यादा परेशान रहने लगे तो किशोरी की मां ने प्यार से बात की। किशोरी ने मां को आपबीती बताई। बीपीटीपी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुनाल, दीपक और यश शामिल हैं। पुलिस को 29 सितंबर को घटना की शिकायत दी गई। थाना इंचार्ज प्रदीप कुमार के मुताबिक तीनों आरोपियों को रात को ही मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

