फरीदाबाद : गैस सप्लायर बन लाखों की ठगी, तीन आरोपी यूपी से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : गैस सप्लायर बन लाखों की ठगी, तीन आरोपी यूपी से गिरफ्तार


फरीदाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। फ्लोरॉन गैस सप्लायर बनकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी कौशल, विनीत व कपिल के रुप में हुई है। आरोपितों को शनिवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार भीमसेन कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि वह ऑटोमोबाईल का काम करता है, 26 मार्च 2026 को उसने इंडियामार्ट इंटरमेश लिमिटेड पर फ्लोरॉन गैस के संबंध में संपर्क किया था। जिसके उपरांत श्रुति एंटरप्राइजेज नाम की एक कंपनी के सेल्सपर्सन ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क किया है, जिसने सामान की कीमत 400 रुपये प्रति युनिट बताई गई। शिकायतकर्ता से 1350 डिब्बे (50 बॉक्स) का आर्डर बुक करने के लिये पूरी पेमेंट एडवांस में मांगी गई। शिकायतकर्ता ने 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शंस के जरिए कथित कंपनी कर्मचारियों द्वारा बताए खातों में 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कुल पांच लाख 40 हजार रुपये डाल दिये, जिसके बाद ना तो सामान प्राप्त हुआ और ना ही पैसे वापिस मिले, जिसकी शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज जांच आरंभ की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपित हाथरस जिले के एक ही गांव के रहने वाले है तथा ग्रेटर नोएडा में भी किराये के कमरा में एक साथ रह रहे थे। जिन्होंने ठगी करने के लिए इंडियामार्ट इंटरमेश लिमिटेड की वेबसाइट पर फ्लोरॉन गैस की बिक्री के लिए नंबर रजिस्टर किया हुआ था। जब शिकायतकर्ता ने वेबसाइट पर जाकर फ्लोरॉन गैस की खरीद के लिए सर्च किया तो आरोपितों के पास नोटिफिकेशन प्राप्त हुआ, जिसमें शिकायतकर्ता की जानकारी थी। नोटिफिकेशन में दर्ज जानकारी के अनुसार आरोपित कपिल ने श्रुति एंटरप्राइजेज का मैनेजर बनकर शिकायतकर्ता से बात की थी। वहीं विनीत ने ट्रक ड्राईवर बनकर शिकायतकर्ता को गुमराह किया था कि सामान गाड़ी में लोड कर लिया गया है जल्दी ही दिए गए पते पर पहुंच जाएगा। जबकि कौशल ठगी की योजना में शामिल था। कपिल व कौशल 12वीं व विनीत 10वीं पास है। कौशल व विनीत ग्रुप डी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story