फरीदाबाद : गैस सप्लाई पूरी तरह सुचारू, प्रशासन कर रहा है लगातार निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : गैस सप्लाई पूरी तरह सुचारू, प्रशासन कर रहा है लगातार निगरानी


-अवैध गैस रिफिलिंग करने पर अब तक आठ पर एफआईआर दर्ज

फरीदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। डीसी आयुष सिन्हा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन विपणन कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा सके। डीसी आयुष ने सोमवार को जारी प्रेस बयान में बताया कि जिले में एचपीसीएल, इंडेन और भारत गैस की कुल 43 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति कर रही हैं। आमजन की मांग के अनुसार गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीसी ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और अनावश्यक रूप से सिलेंडर की बुकिंग या संग्रहण कर पैनिक की स्थिति उत्पन्न न करें। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त आयुष सिन्हा के दिशा-निर्देशन में जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। उन्होंने आगे बताया कि प्रशासन द्वारा दिन और रात दोनों समय नियमित निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग की गठित टीमों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला फरीदाबाद के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। जिसमें घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कुल आठ एफआईआर दर्ज की गई।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story