फरीदाबाद : रसोई गैस संकट को लेकर नोडल अधिकारी तैनात, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। वर्तमान में चल रहे गैस संकट के मद्देनजर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम लगातार निगरानी व छापेमारी कर रही है। इसके बावजूद चोरी-छिपे लोग महंगे दाम पर सिलिंडर बेचे जा रहे हैं। घरेलू गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनाधिकृत प्रयोग पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों नियुक्ति किए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की गैस से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने मंगलवार को बताया कि गैस की शिकायतों के निवारण के लिए क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ओल्ड फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, इसी प्रकार एनआईटी क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुदगिल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों की जांच कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे। कविता सिंह परिहार ने कहा कि कालाबाजारी के मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी घरेलू गैस से संबंधित कोई अनियमितता दिखाई दे तो तुरंत जिला हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। गैस संकट के बीच विभाग की ओर से कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। इस वजह से होटल-रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालक परेशान हैं। हालांकि सरकार ने ऐसे प्रतिष्ठानों को 50 प्रतिशत सिलिंडरों की आपूर्ति बहाल करने के आदेश दिए हैं लेकिन इस आदेश की प्रति विभाग के मुख्यालय द्वारा जिला स्तर पर नहीं भेजी गई। इसलिए मंगलवार तक कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद थी। नियंत्रक कविता सिंह ने बताया कि आदेश आने के बाद अमल किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story