फरीदाबाद : टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों की ठगी, दो गिरफ्तार
फरीदाबाद, 13 जून (हि.स.)। टेलीग्राम टास्क के नाम पर करीब 16 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 21 जून को टेलिग्राम के माध्यम से कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया। ठगों ने उसे व्रिबो नामक प्लेटफॉर्म पर होटलों की रेटिंग कर प्रतिदिन 5-6 हजार रुपये कमाने का लालच दिया। इसके बाद उसे एक लिंक भेजकर पंजीकरण कराया गया और बोनस के रूप में 10 हजार रुपये दिखाए गए। बाद में उसको ‘पेड टास्क’ करने के लिए कहा गया और टास्क के नाम पर उससे विभिन्न खातों में पैसे जमा करवाए गए। जब उसने अपनी राशि निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। आरोपितों ने झांसे में लेकर उससे कुल 16 लाख 34 हजार 521 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के बठिंडा निवासी भूपिन्द्र सिंह तथा अर्जन सिंह को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित अर्जन सिंह ने अपनी पत्नी का बैंक खाता भूपिन्द्र सिंह को उपलब्ध कराया था। उक्त खाते में ठगी के प्राप्त दो लाख 94 हजार रुपए आये थे, जिनको अर्जुन ने खाता से निकलकर भूपिन्द्र को दिए गए थे। वहीं भूपिन्द्र ने भी अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के एक लाख नौ हजार रुपये आए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

