फरीदाबाद : करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश, पांच पर मामला दर्ज
फरीदाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में रियल एस्टेट कारोबार बंद होने के बाद कंपनी की करोड़ों रुपए की संपत्ति को कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के एक शेयरधारक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी बोर्ड रेजोल्यूशन तैयार कराया और दूसरे शेयरधारक के जाली हस्ताक्षर कराकर पावटा गांव स्थित दो फार्महाउस की रजिस्ट्री अपने करीबियों के नाम करा दी। शिकायत में दोनों संपत्तियों की कुल कीमत 15.75 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ऊंचा गांव निवासी अशोक कुमार चौधरी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में राहुल सूरी, दिनेश सिंह और बद्री प्रसाद के साथ मिलकर काजमस बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई थी। कंपनी में चारों की 25-25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। अशोक कुमार चौधरी और दिनेश सिंह कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2016 के बाद कंपनी का कारोबार बंद हो गया था। इसके बाद कंपनी की कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं हुई। अशोक कुमार के अनुसार, सात जून 2019 को राहुल सूरी ने कंपनी के नाम से फर्जी रेजोल्यूशन तैयार किया। इसमें उनके जाली हस्ताक्षर किए गए। आरोप है कि न तो उन्हें बोर्ड बैठक की सूचना दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। इसी कथित फर्जी प्रस्ताव को आधार बनाकर कंपनी की जमीन के हस्तांतरण का रास्ता तैयार किया गया। कंपनी ने पावटा गांव में अरावली फेंटासिया नाम से फार्महाउस प्रोजेक्ट विकसित किया था। प्रोजेक्ट के कई प्लॉट बिकने के बाद फार्म नंबर-29 और फार्म नंबर-11 कंपनी के नाम पर बचे हुए थे। शिकायत के मुताबिक, 1400 वर्ग गज के फार्म नंबर-29 की रजिस्ट्री 5 दिसंबर 2024 को राहुल सूरी ने अपने करीबी के नाम करा दी। इसके बाद 8500 वर्ग गज के फार्म नंबर-11 की रजिस्ट्री 18 दिसंबर 2025 को डॉ. विकास शर्मा के नाम कराई गई। शिकायत में दोनों संपत्तियों की कुल कीमत 15.75 करोड़ रुपए बताई गई है। अशोक कुमार ने अपने हस्ताक्षरों को फर्जी बताते हुए उनका एफएसएल परीक्षण कराने की सहमति भी दी है। शिकायत की करीब 3 महीने तक जांच करने के बाद पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

