फरीदाबाद : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 20 फरवरी (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के फलौदी निवासी प्रकाश व रमेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी कि सितंबर 2025 में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उससे टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया और शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर शिकायतकर्ता को निवेश के लिए तैयार किया। इसके बाद एक लिंक भेजकर उसका खाता खुलवाया गया और निवेश के नाम पर एक लाख रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर करवा लिये गये। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो कमीशन के नाम पर और राशि की मांग की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में परिचित हैं। रमेश कुमार ने प्रकाश से बैंक खाता लेकर आगे ठगों को उपलब्ध कराया था, जिस खाते में ठगी की एक लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। दोनों 12वीं पास हैं व बेरोजगार हैं। आरोपियों को शुक्रवार काे अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story