फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 34 लाख की धोखाधड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 17 अगस्त 2025 को फेसबुक चलाते समय उसे स्टॉक मार्केट से संबंधित एक मास्टर क्लास का विज्ञापन दिखाई दिया। इसके बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया और अधिक लाभ का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर उसने कुल 34 लाख पांच हजार रुपये का निवेश किया, लेकिन उसे कोई भी राशि वापस नहीं मिली। इस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी का एक साथी उसके पास व्यक्तियों को खाते खुलवाने के लिए भेजता था, जिनके बाद वह उनके बैंक खाते खुलवाता था और वह उन बैंक खातों को अपने साथी को दे देता था। जिस बैंक खाते में ठगी की रकम आई थी, उससे संबंधित ईमेल आईडी आरोपी अपने मोबाइल फोन में संचालित कर रहा था। आरोपी रवि कुमार को आज अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एक अन्य मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने 17 लाख 42 हजार रुपए की ठगी मामले में अब्दुल निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-19 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सैंट्रल में दी शिकायत में बताया कि वह गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित जानकारी सर्च कर रही थी। इसी दौरान एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया, जिसमें उसे एक ग्रुप जॉइन करने के लिए कहा गया। ग्रुप से जुडऩे के बाद उसको शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 17 लाख 42 हजार रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस मिली। जिस शिकायत पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अब्दुल मनान, वर्तमान में गुडग़ांव की एक निजी कंपनी में कार्यरत था, उसने अपने साथी अजीन इकबाल की मदद से खाताधारक मोहम्मद मजीद का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। मामले में मोहम्मद मजीद और अजीन इकबाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

