फरीदाबाद : वन विभाग की टीम से मारपीट, पिता-पुत्र पर केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित अरावली के संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध निर्माण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, सरकारी वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। सूरजकुंड थाना पुलिस ने घटना के बाद आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी ते अनुसार गुुरवार को वन दरोगा राजेश और सुरेंद्रपाल नियमित गश्त के दौरान अनंगपुर गांव के डोमका मोहल्ला पहुंचे। यहां अधिसूचित वन क्षेत्र में टिन शेड का निर्माण कराया जा रहा था। दोनों ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का गैर-वानिकी निर्माण प्रतिबंधित है और निर्माण कार्य तुरंत बंद कराया। इसी दौरान निर्माण स्थल पर मौजूद युवक का पिता गजराज भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और अपने प्रभाव का हवाला देते हुए निर्माण जारी रखने की बात कही। जब वन विभाग की टीम मौके की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने लगी तो विवाद बढ़ गया। वन विभाग का आरोप है कि पिता-पुत्र ने सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान वन दरोगा राजेश की सरकारी वर्दी भी फाड़ दी गई। साथ ही दोनों अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल वन दरोगा को बीके अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया। सूरजकुंड थाना पुलिस ने वन विभाग की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story