फरीदाबाद : जलभराव कम करने के लिए एफएमडीए अरावली में बनाएगा बांध
फरीदाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर बढ़ने और शहर के निचले इलाकों में बारिश के पानी से होने वाली परेशानी कम करने के लिए एफएमडीए अरावली के पानी को पहाड़ियों में ही रोकने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए अरावली क्षेत्र में बांध बनाने की योजना बनाई गई है। परियोजना को अमलीजामा पहनाने से पहले इसकी तकनीकी रूपरेखा तैयार कराई जा रही है। बांध के संभावित स्थान और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेने के लिए चंडीगढ़ सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर जगमोहन नेगी अपनी टीम के साथ सर्वे कर चुके हैं। इस संबंध में एफएमडीए अधिकारियों के साथ बैठक भी हो चुकी है। अब सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बांध का डिजाइन तैयार किया जाएगा। हर साल मानसून के दौरान अरावली से निकलने वाला बरसाती पानी नालों और नहरों के जरिए यमुना में पहुंचता है। उस समय यमुना का जलस्तर पहले ही बढ़ा हुआ होता है। ऐसे में पहाड़ियों से आने वाला अतिरिक्त पानी आसपास के गांवों के लिए मुसीबत बन जाता है। इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए एफएमडीए पानी के बहाव को नियंत्रित करने की योजना पर काम कर रहा है। अरावली का पानी नियंत्रित होने से एनआईटी, बल्लभगढ़, सेक्टरों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। बारिश के समय शहर के कई इलाकों में सड़कों पर दो-तीन फीट तक पानी जमा हो जाता है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। एफएमडीए का मानना है कि बांध बनने के बाद पानी का अनियंत्रित बहाव कम होगा। साथ ही पहाड़ियों में जमा बारिश के पानी को भूजल रिचार्ज के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे भूजल स्तर सुधारने और पानी की कमी वाले क्षेत्रों को लाभ पहुंचाने में मदद मिल सकती है। एफएमडीए के अधीक्षण अभियंता (अतिरिक्त कार्यभार) संदीप दहिया ने बताया कि अरावली में बांध बनाने की योजना पर काम चल रहा है। चंडीगढ़ सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर जगमोहन नेगी इसका डिजाइन तैयार करेंगे। डिजाइन मिलने के बाद निर्माण का एस्टीमेट बनाकर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

