फरीदाबाद : लडक़ी से छेड़छाड़ के विरोध में की फायरिंग, दो आरोपित गिरफ्तार
फरीदाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। गांव खेड़ी में छात्र के घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपितों को भूपानी पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपितों को बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव खेड़ी निवासी रोहित पुत्र देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई देव उर्फ भोला 12वीं कक्षा का छात्र है और एन.एस. विद्या मंदिर स्कूल, फरीदपुर से में पढता है। 31 जुलाई को स्कूल से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दो युवक मोटरसाइकिल पर गांव खेड़ी स्थित उसके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना बीपीटीपी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एवीटीएस-2 भूपानी टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों गांव फरीदपुर निवासी अभिषेक (22) तथा अमन उर्फ फल्लू (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभिषेक के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि अमन उर्फ फल्लू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक के चाचा की बेटी भी एन.एस. विद्या मंदिर स्कूल, फरीदपुर में पढ़ती है। देव उर्फ भोला ने छात्रा के साथ बदतमीजी की थी। इसी को लेकर 31 जुलाई को अभिषेक अपने साथी अमन के साथ मोटरसाइकिल पर गांव खेड़ी स्थित उनके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर फरार हो गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपित अभिषेक करीब एक वर्ष पहले अवैध देशी पिस्टल ली थी, टीम ने सोर्स की पहचान कर ली है जिसको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

