फरीदाबाद में बढ़ रही आगजनी की घटनाएं, दमकल कर्मियों की हड़ताल से लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में बढ़ रही आगजनी की घटनाएं, दमकल कर्मियों की हड़ताल से लोग परेशान


आगजनी की घटनाओं से निपटने में कमजोर साबित हो रही प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्थाएं

फरीदाबाद, 03 मई (हि.स.)। सेक्टर-24 स्थित कालका स्टील में हुई आगजनी के दौरान मारे गए फायर कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारी और फायर बिग्रेड कर्मचारी 8 अप्रैल से संयुक्त हड़ताल पर है। सरकार द्वारा मृतकों के आश्रितों को मदद न दिए जाने के चलते कर्मचारियों ने पांच मई तक हड़ताल की घोषणा की हुई है। इस आगजनी में फायर कर्मचारी भवीचंद शर्मा व रणबीर सिंह के अलावा कंपनी के मालिक के लडक़े, पुलिस सब इंस्पेक्टर रवि, दो मजदूर बृजपाल सिंह व प्रदीप कुमार सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लाम्बा ने बताया कि इस आगजनी में मारे गए फायर कर्मियों के घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है, उनकी विधवाएं भी सडक़ों पर उतरकर न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन सरकार व प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही इसलिए उन्हें हड़ताल का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। दमकल विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में कुल 106 फायर कर्मचारी तैनात हैं। इनमें से करीब 68 कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिससे केवल 37 कर्मचारियों के कंधों पर पूरे शहर की जिम्मेदारी आ गई है। हड़ताल से निपटने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक तौर पर रोडवेज और होमगार्ड के कर्मचारियों को फायर स्टेशनों पर तैनात किया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान शहर में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ी है। इस दौरान तीन कंपनियों, एक लकड़ी के गोदाम के अलावा ट्रांसफार्मर में आगजनी की घटनाएं हुई। कंपनी में हुई आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ, जबकि सेक्टर-16 मार्केट में ट्रांसफार्मर पर लगी आग को स्थानीय दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों के अंदर से फायर सिलेंडर लाकर बुझाया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story