फरीदाबाद : हाथ से गिरी पिस्टल,गोली चलने से युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। छांयसा थाना क्षेत्र के अटाली गांव में एक व्यक्ति लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अटाली गांव निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र चौधरी मंगलवार देर शाम अपनी लाइसेंसी पिस्टल को हाथ में लिए हुए थे। इसी दौरान अचानक पिस्टल हाथ से फिसलकर जमीन पर गिर गई। जैसे ही पिस्टल नीचे गिरी, उससे गोली चल गई। गोली सुरेंद्र चौधरी के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरेंद्र चौधरी को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छांयसा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल सुरेंद्र चौधरी से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अटाली गांव में एक व्यक्ति अपनी ही लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली लगने से घायल हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियार हाथ से गिरने के बाद गोली चली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story