फरीदाबाद : शॉर्ट सर्किट से मेटल कंपनी में लगी आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : शॉर्ट सर्किट से मेटल कंपनी में लगी आग, लाखों का नुकसान


फरीदाबाद, 02 मई (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद के डबुआ क्षेत्र स्थित एक मेटल कंपनी में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के समय कंपनी के अंदर कोई कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय सूत्राें के अनुसार, डबुआ क्षेत्र में स्थित एसजी मेटल कंपनी में सिल्वर से संबंधित सामान तैयार किया जाता है। कंपनी के स्टोर में सिल्वर का कच्चा माल और अन्य सामान रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे स्टोर में रखे सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में कंपनी के अंदर से धुआं निकलने लगा। वहां से गुजर रहे लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनआईटी फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड टीम ने कंपनी का गेट खुलवाकर अंदर प्रवेश किया और स्टोर में लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को ज्यादा फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी सुखबीर यादव ने बताया कि रात आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग कंपनी के स्टोर में लगी थी, जहां सिल्वर से संबंधित सामान के साथ कुछ लकड़ी का सामान भी रखा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्टोर में लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story