फरीदाबाद :चलती कार में लगी आग, पुलिसकर्मी ने कूदकर बचाई जान
फरीदाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में रविवार एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। केजीपी एक्सप्रेसवे पर एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह कार डायल 112 की आपातकालीन सेवा पर तैनात एक पुलिसकर्मी की थी। गनीमत यह रही कि पुलिसकर्मी ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत कार से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई। मिली जानकारी के अनुसार छांयसा थाना क्षेत्र में डायल 112 की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन सेवा पर तैनात सहायक मुख्य हेड कांस्टेबल कर्मवीर रविवार सुबह अपनी टाटा कर्व कार से ड्यूटी के लिए थाने जा रहे थे। जब वह केजीपी से गुजर रहे थे और उस फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे जो जेवर एयरपोर्ट के लिए बनाए जा रहे रास्ते का हिस्सा है, तभी अचानक उनकी कार के इंजन की तरफ से तेज धुआं निकलना शुरू हो गया। कर्मवीर ने बताया कि जैसे ही उन्होंने इंजन की तरफ से धुआं निकलते देखा, उन्होंने तुरंत कार को सडक़ किनारे रोक दिया। इस दौरान वह तुरंत कार से बाहर निकल आए। कुछ ही सेकंड के अंदर इंजन में तेज आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए स्टीयरिंग की तरफ पहुंच गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई । पुलिसकर्मी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें कार के अंदर रखे अपने जरूरी कागजात तक निकालने का मौका नहीं मिला।घटना के तुरंत बाद कर्मवीर ने इसकी सूचना थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही कार का करीब आधे से ज्यादा हिस्सा जल चुका था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

