फरीदाबाद : बंदूक की नोक पर परिवार को बनाकर लाखों की लूट

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बंदूक की नोक पर परिवार को बनाकर लाखों की लूट


फरीदाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। गांव मोहना में परिवार को बंदूक के बल पर बंधक लूट का मामला सामने आया है। लूट की यह वारदात प्रवीन नाम के व्यक्ति के घर हुई। शनिवार रात में प्रवीन और उनकी पत्नी प्रथम तल पर सो रहे थे। भूतल पर उनके पिता वीरपाल और मां कृष्णा सोए हुए थे। देर रात चार बदमाश दरवाजे पर लगा शीशा खोलकर घर में घुस आए। उनमें एक के हाथ में बंदूक, दो के हाथ में राड और एक के हाथ में पाइप था। घर में घुसकर एक बदमाश ने वीरपाल और कृष्णा को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया और चुप रहने की हिदायत दी। बाकी बदमाशों ने घर की अलमारियां और बेड खोलने शुरू कर दिए। इनमें से उन्होंने सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के सिक्के व आठ हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद कृष्णा से कानों में पहने हुए कुंडल उतरवा लिए। जब वे जाने लगे तो वीरपाल ने प्रथम तल पर सो रहे बेटे प्रवीन को को आवाज दी। प्रवीन जैसे ही नीचे आया तो बदमाशों ने उसकी तरफ फायर किया, जिसमें वह बाल बाल बच गया। इसके बाद वे बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल व स्कूटी पर फरार हो गए। घर में घुसने से पहले उन्होंने सडक़ पर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काटे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story