फरीदाबाद : फैक्टरी अग्निकांड के छठे दिन फायर ब्रिगेड कर्मी की हुई मौत
आगजनी में अब तक चार लोगों की जा चुकी है जान, दर्जनों है उपचाराधीन फरीदाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हुए भीषण आगजनी और केमिकल ड्रम ब्लास्ट मामले में छठे दिन शनिवार को एक और मौत हो गई। मुजेसर थाने में तैनात पीएसआई रवि ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढक़र चार हो गई है। यह हादसा सोमवार शाम मुजेसर क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालका जी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुआ था। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। वर्कशॉप में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों और आग की चपेट में आकर 35 से अधिक लोग झुलस गए थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली रेफर किया गया। हादसे के चौथे दिन वर्कशॉप मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और कर्मचारी प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। दोनों की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। पांचवें दिन फायर ब्रिगेड कर्मचारी भविचंद्र (48 वर्ष) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। अब छठे दिन पीएसआई रवि, जो कैथल जिले के गांव क्योडक़ के निवासी थे, शनिवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। फरीदाबाद में फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के बाद पुलिस की मौके पर छानबीन जारी है। पूरे क्षेत्र को जांच के दायरे में लिया गया है। लगातार हो रही मौतों से पुलिस विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है। पुलिस ने संबंधित वर्कशॉप संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

