फरीदाबाद : ईएसआईसी में बिगड़ी महिला डाक्टर की तबीयत, नहीं मिला इलाज

WhatsApp Channel Join Now


फरीदाबाद, 20 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर को ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर लेडी डॉक्टर को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना को लेकर रेजिडेंट डॉक्टरों में नाराजगी है। डॉक्टरों ने डीन को पत्र लिखकर पूरे मामले में 24 घंटे के अंदर लिखित जवाब और एक्शन टेकन रिपोर्ट देने की मांग की है। उनका कहना है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। रेजिडेंट डॉक्टरों के मुताबिक, मामला 19 सितंबर का है। न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट में तैनात रेजिडेंट डॉक्टर वंशिका त्यागी (करीब 27 वर्षीय) ने पिछले 48 घंटे में करीब 35 घंटे ड्यूटी की थी। ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें तेज कमजोरी महसूस हुई। कुछ ही समय में हाथ-पैरों में सुन्नापन और कमजोरी बढ़ गई। डॉक्टरों ने इसे क्वाड्रीपारेसिस की स्थिति बताया। डॉक्टर रोहित के मुताबिक, हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टर वंशिका को ओटी से इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट करने के लिए करीब 90 मिनट तक नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं हो सका। डॉक्टरों का आरोप है कि अस्पताल में मरीज को तत्काल उपलब्ध कराया जाने वाला सर्वाइकल हार्ड कॉलर भी नहीं मिला। आखिरकार इसे बाहर से ब्लिंकिट के जरिए मंगवाना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार, इमरजेंसी अनुरोध के बावजूद ब्लड रिपोर्ट आने में करीब तीन घंटे लग गए। वहीं, केएफटी प्रोटोकॉल का हवाला देकर एमआरआई कराने में भी देरी हुई। इस दौरान डॉक्टर वंशिका की हालत को लेकर साथी डॉक्टरों में चिंता बढ़ती रही। रेजिडेंट डॉक्टरों का आरोप है कि अस्पताल की तरफ से डॉक्टर वंशिका को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद निजी अस्पताल से एम्बुलेंस बुलानी पड़ी। साथ ही, प्राथमिकता के आधार पर न्यूरोलॉजी या न्यूरोसर्जरी के कंसल्टेंट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो सकी। अंत में लेडी डॉक्टर को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। इस घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने अस्पताल की मेडिकल सुविधाओं और इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। डॉक्टरों ने डीन को पत्र लिखकर मामले की जांच, जिम्मेदारी तय करने और 24 घंटे के अंदर लिखित जवाब व एक्शन टेकन रिपोर्ट देने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story