फरीदाबाद : दो लाख की रिश्वत लेते पुलिस का ईएसआई रंगे हाथों गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। मामले में समझौता करवाने की एवज में दो लाख रुपए की रिश्वत लेते पुलिस विभाग के ईएसआई को मंगलवार राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना एससीएंडएसीबी, फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त एक्स्टेंडेड असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हैं। शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में थाना कैंप, पलवल में दर्ज हनी ट्रैप प्रकरण में आरोपी ईएसआई होशियार सिंह शिकायतकर्ता थे। इस मामले की जांच के दौरान सह-आरोपियों के खुलासे के आधार पर शिकायतकर्ता का नाम भी मामले में शामिल किया गया, जिसमें वह वर्तमान में अदालत से जमानत पर हैं। आरोप है कि ईएसआई होशियार सिंह उक्त मामले में समझौता करने के नाम पर शिकायतकर्ता से दो लाख की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ईएसआई होशियार सिंह को 2 लाख की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया गया।मामले की आगे की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story