फरीदाबाद : पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : मूलचंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : मूलचंद शर्मा


बल्लभगढ़ में विधायक ने सडक़ पर झाडू लगाकर किया महा सफाई अभियान शुरू

फरीदाबाद, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फरीदाबाद नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और हराभरा बनाने के उद्देश्य से महा सफाई अभियान की शुरुआत की गई। गुरुवार को इस अभियान का शुभारंभ बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-40, वार्ड-36 और वार्ड-15 से किया गया। अभियान में बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा, स्थानीय पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। वार्ड-40 में अभियान की शुरुआत करते हुए विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है और इसी के तहत नगर निगम ने गुरुवार से ही विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि कल पूरे विश्व में पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा और फरीदाबाद के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ फरीदाबाद- ग्रीन फरीदाबाद अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुडऩा होगा। उन्होंने नागरिकों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ते प्रदूषण को रोकने और आने वाली पीढिय़ों को बेहतर वातावरण देने के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है। वहीं, वार्ड-36 के ओल्ड क्षेत्र में जॉइंट कमिश्नर करण भदौरिया और जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार के नेतृत्व में मेगा सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई निरीक्षक जगवीर सिंह और निगम की टीम मौजूद रही। इसके अलावा वार्ड-15 में पार्षद सरदार जसवंत सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई, जहां सफाई निरीक्षक हरवीर रावत सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story