फरीदाबाद : जनगणना कार्य में ड्यूटी पर न पहुंचने वाले नौ कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

22 एन्यूमेरेटर पर एफआईआर के लिए निगम ने जारी किया था पत्र

फरीदाबाद, 16 मई (हि.स.)। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। नगर निगम फरीदाबाद के कमिश्नर कम मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खडग़टा के दिशा निर्देशों पर सभी जॉन के जॉइंट कमिश्नर कम एडिशनल सिटी सेन्सस ऑफि़सर द्वारा अपने अपने क्षेत्र में संबंधित थानों में पत्र लिखकर जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। पत्र में बताया गया ओल्ड जॉन में एक कर्मचारी, एनआईटी से नौ कर्मचारी, बल्लभगढ़ और चंदावली जॉन 12 है, जो ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हैं और उनके खिलाफ कार्यवाही जारी है जिसमें से नौ एन्यूमेरेटर पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। बता दे कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसे कानून के तहत अनिवार्य रूप से पूरा करना आवश्यक है। जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षित एवं नियुक्त किए गए कुछ एन्यूमेरेटर बिना किसी वैध कारण अथवा सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के अपनी निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित रहे या कार्य करने से इंकार किया। बार-बार निर्देश देने और पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद उन्होंने कार्यालय के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिससे जनगणना कार्य के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। चार्ज ऑफिसर विकास कन्हैया ने जानकारी दी है कि इस संबंध में पूर्व में भेजे गए पत्र के बाद आठ शिक्षकों ने अपनी जनगणना ड्यूटी पुन: जॉइन कर ली है, इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने के निर्देश दिए है। वहीं जो कर्मचारी अभी भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपालन न करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story