फरीदाबाद में डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में दीवाली वाली रात पाली-भाखरी रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि मृतकों की पहचान पाली गांव निवासी हरेंद्र भड़ाना (42) और नेहरू कॉलोनी निवासी साहिल (22) के रूप में हुई है। घायल युवक बबलू है। मौके पर पुलिस को हेलमेट नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक उद्योग से ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। वहीं, इसी दौरान पाली-भाखरी रोड पर अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सडक़ पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने ही किसी अन्य वाहन में तीनों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरेंद्र भड़ाना और साहिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बबलू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि साहिल ने धनतेरस के अवसर पर नई बाइक खरीदी थी। इसी बाइक पर सवार होकर तीनों युवक ड्यूटी से घर लौट रहे थे। लेकिन छोटी दीवाली की रात हुए हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डंपर ड्राइवर और हादसे के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद के मुताबिक टक्कर मारने वाला डंपर चालक मौके से भाग गया। पुलिस मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करा करा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story