फरीदाबाद : जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने बीटेक की छात्रा पर किया हमला, केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सेक्टर-37 अशोका एन्क्लेव पार्ट-दो में पालतू कुत्तों के हमले में बीटेक की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकली थी, तभी पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा। कुत्ते ने छात्रा की दाईं बाजू और कमर पर काटकर गहरे घाव कर दिए। शिकायत के आधार पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने कुत्ते के मालिक सिकंदर शर्मा और सुषमा शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सृष्टि शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह वह अपने पालतू कुत्ते को घुमा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड कुत्ता खुला घूमता हुआ अचानक उसकी तरफ दौड़ा। उसने अपने कुत्ते को बचाने के लिए गोद में उठा लिया, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसकी दाईं बाजू में जबड़ा गड़ा दिया। वह बचने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन कुत्ते ने उसकी कमर पर भी काट लिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। सृष्टि के अनुसार, शोर सुनने के काफी देर बाद कुत्ते की मालकिन मौके पर पहुंची और उसे पकड़ा। घायल छात्रा को उपचार के लिए अमृता अस्पताल ले जाया गया। इमरजेंसी में उपचार और एंटी-रेबीज टीका देने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सृष्टि ने शिकायत में आरोप लगाया कि कुत्ते को बिना सुरक्षा के खुला छोडऩे के कारण यह घटना हुई। उसने कुत्ते के मालिक सिकंदर शर्मा और सुषमा शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिकार्ड के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story