फरीदाबाद : कुत्ते ने बच्चे को दबोचा, लोगों ने चुुंगल से छुड़ाया

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : कुत्ते ने बच्चे को दबोचा, लोगों ने चुुंगल से छुड़ाया


फरीदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के एनआईटी नंबर-1 इलाके में एक कुत्ते ने 6 साल के बच्चे को हमला कर अपने कब्जे में ले लिया। कुत्ता काफी देर तक बच्चे के पास बैठा रहा। जब भी कोई उसे बचाने के लिए आगे आता तो कुत्ता भौंकने लगता। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडों से कुत्ते को पीटकर उसे दूर भगाया। इसके बाद बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया गया। कुत्ते ने बच्चे के होंठ के पास काटा हुआ था। स्थानीय लोग उसे तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्चे के घाव पर 7 टांके लगाए। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, सोनिया चौक के पास रहने वाली अनीता ने बताया कि उसका 6 साल का बेटा निखिल रविवार सुबह अपने बड़े भाई के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद बड़ा बेटा तो वापस आ गया, लेकिन निखिल नहीं लौटा। इसके बाद उसने अपनी बेटी को निखिल की तलाश के लिए भेजा। काफी देर तक उसका पता नहीं चला तो परिवार ने सोचा कि वह खेलने के बाद घर लौट आएगा। स्थानीय निवासी बिट्टू ने बताया कि वह किसी काम से वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें लकड़ी की एक झोपड़ी से बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनाई दी। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो एक कुत्ते ने बच्चे को पकड़ रखा था। कुत्ता उसके पास ही बैठा हुआ था और बच्चा जमीन की तरफ मुंह करके लेटा था।

बच्चे के कपड़े फटे हुए थे। उन्होंने आवाज लगाई तो बच्चा बोल नहीं पा रहा था। बिट्टू ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि बच्चा बेहोश पड़ा है। हालांकि, बच्चे की आवाज सुनने के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। लोगों ने कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चे को छोड़ नहीं रहा था और बचाने के लिए आगे आने वालों पर भौंक रहा था। इसके बाद कुछ लोगों ने डंडों से कुत्ते को पीटकर दूर भगाया। फिर बच्चे को वहां से बाहर निकाला गया। बिट्टू बच्चे को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसके होंठ के पास कुत्ते के काटने से हुए घाव पर 7 टांके लगाए। उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774388 Articles

Share this story