फरीदाबाद : जेल केवल सजा देने का स्थान नहीं बल्कि सुधार गृह भी है : आलोक मित्तल

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : जेल केवल सजा देने का स्थान नहीं बल्कि सुधार गृह भी है : आलोक मित्तल


डीजीपी जेल आलोक मित्तल ने किया नीमका जेल का निरीक्षण

फरीदाबाद, 07 जून (हि.स.)। हरियाणा के डीजीपी जेल एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक मित्तल ने फरीदाबाद जिला जेल का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और सुधारात्मक योजनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल अधिकारियों, कर्मचारियों और कैदियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आलोक मित्तल ने कहा कि वह समय-समय पर हरियाणा की विभिन्न जेलों का दौरा करते रहते हैं। इन दौरों का मुख्य उद्देश्य जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना, जेलों के बुनियादी ढांचे की स्थिति को देखना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करना तथा कैदियों के लिए संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना होता है। उन्होंने कहा कि जेलों में सुधार और सुरक्षा दोनों ही विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। डीजीपी जेल ने कहा कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। विशेष रूप से हार्डकोर अपराधियों और गैंगस्टरों पर कड़ी निगरानी रखी जाती है ताकि उन्हें जेल नियमों के तहत रखा जा सके और उन्हें किसी भी प्रकार की विशेष सुविधा न मिले। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ अपराधी जेल के भीतर नशीले पदार्थ पहुंचाने या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास करते हैं, लेकिन जेल प्रशासन ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क रहता है। उन्होंने बताया कि जेलों में आने वाले प्रत्येक नए कैदी के लिए अब एक व्यवस्थित प्रक्रिया लागू की गई है। इसका उद्देश्य जेल के भीतर स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करना और सभी कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आलोक मित्तल ने कहा कि जेल केवल सजा देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह एक सुधार गृह भी है। विभाग का प्रयास है कि सजा पूरी करने के बाद कोई भी कैदी दोबारा अपराध की दुनिया में न लौटे और समाज में सम्मानजनक जीवन जी सके। इसी सोच के तहत जेलों में शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जेल कर्मचारियों की कमी के सवाल पर आलोक मित्तल ने कहा कि नई भर्तियों के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा जेल कर्मचारियों के भत्तों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर सकारात्मक प्रगति हो रही है। निरीक्षण के दौरान डीजीपी जेल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story