फरीदाबाद : मुख्यमंत्री की पहल से साकार हो रहा श्रद्धालुओं का तीर्थ यात्रा का सपना
सफदरजंग रेलवे स्टेशन से विधायक मुकेश शर्मा ने दिखाई तीर्थ यात्रियों की रेल को हरी झंडी
फरीदाबाद, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष यात्रा का शुभारंभ बुधवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस यात्रा की शुरुआत गत दिवस हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा कुरुक्षेत्र से की गई। इसके पश्चात विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न जगह ट्रेन के स्टॉप पॉइंट बनाये गए जहाँ विभिन्न 9 जिलों के लोगों ने अपने अपने नजदीकी स्टेशन से ट्रेन में सफर शुरू किया। जहाँ गणमान्य लोगों ने श्रद्धालु का स्वागत किया। दिल्ली में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने श्रद्धालु का स्वागत कर उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित किए गए। यात्रियों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था की गई, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। व्यवस्थाओं को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी भी की गई। इस अवसर पर गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने सायंकाल स्टेशन पर पहुँचकर श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम के अंतर्गत विधायक मुकेश शर्मा ने फरीदाबाद और पलवल से आए श्रद्धालुओं के दल को रेल में बैठाकर रेल को हरी झंडी दिखाकर उसके गंतव्य की ओर रवाना किया। विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि यह यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का ही एक महत्वपूर्ण भाग है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

