फरीदाबाद : पत्नी से झगड़े के बाद नहर में कूदा डेंटल सर्जन

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पत्नी से झगड़े के बाद नहर में कूदा डेंटल सर्जन


फरीदाबाद, 03 मई (हि.स.)। फरीदाबाद के खेड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में सेक्टर 17 के पुल से एक डेंटल सर्जन ने आगरा नहर में छलांग लगा दी। नहर में कूदने से से पहले उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। पत्नी ने डॉक्टर को रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह महिला को धक्का देकर नहर में कूद गया। एसडीआरएफ की टीमों ने कई घंटे तक उसकी तलाश की, लेकिन टीम को कामयाबी नही मिली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ की यादव कॉलोनी का रहने वाला सचिन (36) पेशे से डेंटल सर्जन है। वह बल्लभगढ़ में मोहना रोड़ स्थित यादव कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता है। यादव कालोनी में ही उसने एक डेंटल क्लिनिक खोला हुआ है। बताया जा रहा है कि, शनिवार की देर शाम को डॉक्टर सचिन सेक्टर 87 स्थित अपनी बहन के घर से पत्नी और बच्चो के साथ वापस लौट रहा था। बहन के घर पर दोनों पति-पत्नी के बीच में विवाद हो गया । जिसको लेकर रास्ते में दोनों के बीच में विवाद ने झगड़े का रूप धारण कर लिया। डॉक्टर सचिन ने सेक्टर 17 के पुलिस थाने के पास अपनी ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो को रोका और नहर की तरफ जाने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसको रोकने की कोशिश की , लेकिन उसने पत्नी को धक्का मारा और नहर में छलांग लगा दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सचिन की तलाश करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम बोट लेकर पानी में कई घंटे उसकी तलाश करती रही, लेकिन सचिन का कुछ पता नहीं चल सका। क्योंकि अंधेरा होने के कारण नहर में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। खेड़ी पुल थाना इंचार्ज देवेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक सचिन का पता नहीं चल पाया है। टीमों ने रविवार सुबह से सर्च अभियान तेज कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story