फरीदाबाद : डिलिवरी बॉय बनकर आए युवक ने की लूटपाट

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद में सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीन फील्ड चौकी इलाके में डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे बदमाश ने महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर डराया और लाखों रुपए के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। वारदात के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी सीमा कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, बुधवार दोपहर वह अपनी सास उर्मिला देवी के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक उनके घर पर आया और उनसे पूछा कि क्या अमेजन से उनका पार्सल मिल गया है। महिला ने पार्सल नहीं मिलने की बात कही। कुछ समय बाद एक दूसरा युवक डिलीवरी बॉय बनकर उनके घर पहुंचा। उस समय सीमा कमरे के अंदर थी। उसकी सास उर्मिला देवी ने डिलीवरी बॉय समझकर दरवाजा खोला और सीमा को बुलाने के लिए अंदर आईं। जैसे ही सीमा कमरे से बाहर आई, उसने देखा कि युवक घर के अंदर चाकू लेकर खड़ा था। बदमाश ने दोनों महिलाओं को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नकदी की मांग की। सीमा ने बताया कि घर में नकदी नहीं होने की बात कहने पर बदमाश ने उनसे ज्वेलरी देने को कहा। डर के कारण उन्होंने अपना करीब चार ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और सोने व डायमंड के कानों के टॉप्स उतारकर दे दिए। इसके बाद उनकी सास ने भी सोने की चेन, लॉकेट और कानों के कुंडल बदमाश को सौंप दिए। गहने लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story