फरीदाबाद : होटल में लटका मिला युवती का शव, युवक फरार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : होटल में लटका मिला युवती का शव, युवक फरार


फरीदाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित एक होटल के कमरे में आगरा की रहने वाली 25 वर्षीय युवती अदिति का शव फंदे से लटका मिला। युवती पिछले तीन दिन से अपने प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ होटल में ठहरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उसका प्रेमी रात में होटल से चला गया था। शनिवार की सुबह होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली अदिति तीन दिन पहले घर में बिना बताए फरीदाबाद आई थी। यहां वह फरीदाबाद निवासी हेमंत शर्मा के साथ सेक्टर-11 के होटल रॉयल हार्मनी के कमरा नंबर 204 में ठहरी हुई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हेमंत मूल रूप से आगरा का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे होटल स्टाफ कमरे को खाली कराने के लिए पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर होटल मालिक को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। दरवाजा खुलने पर कमरे के अंदर अदिति का शव फंदे से लटका मिला। सेक्टर 8 थाना इंचार्ज राजबीर के मुतबाकि, पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, युवती का प्रेमी रात में ही होटल से चला गया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story