फरीदाबाद : खुले मैदान में मिले शव की हुई पहचान,दोस्त की तलाश

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : खुले मैदान में मिले शव की हुई पहचान,दोस्त की तलाश


फरीदाबाद, 08 जून (हि.स.)। गाजीपुर के इलाके में शनिवार को मिले किशोर के शव की पहचान हो गई है। पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम आकाश (15) है, जो अपने दोस्त के घर जाने के लिए निकला था और इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस अब दोस्त की तलाश कर रही है। डबुआ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक आकाश नंगला एंक्लेव का रहने वाला है। शुक्रवार को वह अपने दोस्त रोहित के घर गया था, लेकिन छह जून की सुबह उसका शव गाजीपुर इलाके में उडिय़ा कालोनी के खेतों में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि किशोर के गले पर सफेद गमछा कसकर बंधा हुआ था और गर्दन पर दबाव के निशान थे। चेहरे पर खून लगा हुआ था, जिससे प्रथम नजर में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका बनी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआइसी अस्पताल के शवगृह में रखवाया। आसपास के लोगों से पूछताछ और विभिन्न थाना क्षेत्रों में सूचना देने के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर खबर देखकर स्वजन थाने पहुंचे और शव की पहचान आकाश के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि आकाश अपने दोस्त रोहित के साथ गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। इसी आधार पर पुलिस अब रोहित की तलाश कर रही है। डबुआ थाना इंचार्ज संग्राम सिंह दहिया ने बताया कि हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता रोहित से पूछताछ के बाद चल सकता है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story