फरीदाबाद : जेल के पास मृत मिला प्रवासी मजदूर, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। जिला जेल नीमका के पास शनिवार शाम एक व्यक्ति सडक़ पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों ने जब उसे सडक़ किनारे देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आईएमटी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और बेहोश व्यक्ति को इलाज के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 43 वर्षीय संजय सिंह के रूप में हुई है।वह बिहार के भागलपुर जिले के नौगछिया का रहने वाला था। संजय सिंह फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र में स्थित एक आरएमसी में मजदूरी करता था। वह अपने गांव से काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और आईएमटी क्षेत्र में अन्य मजदूरों के साथ रहकर काम करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के फरीदाबाद पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आईएमटी पुलिस चौकी को सडक़ पर एक व्यक्ति के गिरे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे तुरंत अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हुआ कि मृतक ने काफी मात्रा में शराब का सेवन किया हुआ था। पुलिस के अनुसार अधिक शराब पीने के कारण उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story