फरीदाबाद : शवगृह पर डेढ़ घंटे तक लटका रहा ताला, शव लेकर भटकती रही महिला एएसआई

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : शवगृह पर डेढ़ घंटे तक लटका रहा ताला, शव लेकर भटकती रही महिला एएसआई


फरीदाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। बादशाह खान नागरिक अस्पताल (बीके अस्पताल) की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार रात ट्रेन की चपेट में आए एक युवक का शव लेकर पहुंची जीआरपी की महिला एएसआई को शवगृह के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। शवगृह के गेट पर ताला लगा था और कर्मचारियों के पास चाबी तक उपलब्ध नहीं थी। आखिरकार हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने पत्थर से ताला तोड़कर गेट खुलवाया। जीआरपी की महिला एएसआई सुदेश के अनुसार, बुधवार शाम ओल्ड रेलवे स्टेशन पर सुशासन एक्सप्रेस की चपेट में आने से 32 वर्षीय पवन की मौत हो गई थी। वह अपने फूफा को ट्रेन में छोड़ने आया था। हादसे के बाद पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रात अस्पताल लेकर पहुंची। यहां शवगृह पर ताला लगा मिला। कर्मचारियों को चाबी तलाशने के लिए कहा गया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक चाबी नहीं मिली। रात हाउसकीपिंग कर्मचारी संदीप और बलबीर पहुंचे, पर उनके पास भी चाबी नहीं थी। आखिरकार दोनों ने पत्थर से ताला तोड़कर शवगृह का गेट खोला और शव को अंदर रखवाया। इस मामले में बीके अस्पताल के सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाने की जिम्मेदारी पुलिस की होती है और शव रखवाने के बाद अस्पताल की जिम्मेदारी शुरू होती है। हालांकि, डेढ़ घंटे तक शवगृह पर ताला लगे रहने और चाबी नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story