फरीदाबाद : महिला का शव लेने को भिड़ा मायका व ससुराल, पोस्टमॉर्टम हाउस में पथराव

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : महिला का शव लेने को भिड़ा मायका व ससुराल, पोस्टमॉर्टम हाउस में पथराव


फरीदाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद में महिला का शव लेने को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हाउस में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। ससुराल वाले बहू का शव लेने के लिए अड़ गए। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। मायके पक्ष की महिलाएं अस्पताल में कैंपस में ही नीचे बैठकर रोने लगीं। पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के चार-पांच लोग घायल हो गए। हंगामे के बाद पुलिस ने मृतका का शव मायके वालों को ही सौंप दिया। मृतका की पहचान बादशाहपुर गांव निवासी अंजलि के रूप में हुई। अंजलि की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मायके पक्ष ने बेटी की हत्या का भी आरोप लगाया है। अंजलि छह माह की गर्भवती थी। पलवल के देवली गांव की अंजलि (26) की 2019 में फरीदाबाद के बादशाहपुर गांव में मनोज से शादी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि मायके में चार दिन रुकने पर ही ससुराल वाले उससे नाराज रहते थे। पिछले कई दिनों से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। सोमवार सुबह अंजलि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि अंजलि के मुंह से झाग निकल रहा था । उसका शरीर फूला हुआ था। उन्हें शक है कि जहर देकर उसकी हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया। अंजलि के परिजनों के अनुसार, अंजलि करीब 15 दिन पहले गर्मी की छुट्टियों में देवली आई थी। वह ससुराल वालों से 10 दिन में लौटने की बात कहकर मायके आई थी, लेकिन यहां 2-3 दिन अधिक रुक गई। इसी बात को लेकर पति मनोज नाराज हो गया। इसी बात को लेकर ससुरालवाले अंजलि से झगड़ते थे। पुलिस ने अंजलि का शव पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल की मॉच्र्यूरी में रखवा दिया। मंगलवार को अंजलि का शव लेने के लिए अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए। यहां दोनों पक्ष के लोग अंजलि का शव लेने की डिमांड करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच हंगामा हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई, कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ओर से पत्थर भी फेंके गए। घटना में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल में ही भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका का शव मायके पक्ष को सौंप दिया। मायके पक्ष के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए पलवल के देवली गांव ले गए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही अंजलि की मौत का कारण पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story