फरीदाबाद में आगरा नहर किनारे मिला नग्न शव, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-29 बाईपास रोड स्थित आगरा नहर के किनारे सोमवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार, नहर किनारे मिले शव के ऊपर कोई कपड़े नहीं थे। शव की हालत काफी खराब होने के कारण मौके पर उसकी पहचान करना मुश्किल था। फिलहाल पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं कर पाई है कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया है। यह हादसा है, हत्या या किसी अन्य वजह से मौत हुई है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि शव के नहर किनारे पहुंचने के बारे में कोई सुराग मिल सके। खेड़ी पुल थाना इंचार्ज देवेन्द्र के मुताबिक शव को बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के साथ-साथ शव की उम्र और लिंग से जुड़ी स्थिति भी स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाकर शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

