फरीदाबाद : जिला उपायुक्त ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : जिला उपायुक्त ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण


पेयजल, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन व जैमर सहित व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फरीदाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा लोक सेवा आयोग, पंचकुला द्वारा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाने वाली एचसीएस एवं अन्य अलाइड सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा-2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शनिवार को सेक्टर 9 स्थित सैंट अंटोनी कान्वेंट स्कूल एवं डीसी मॉडल स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा ने प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की पुन: जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराना अनिवार्य है। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्णत: स्मूथ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में कराया जाएगा। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा कोताही किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में चूक करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। साथ ही, परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा-163 सहित लागू नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। प्रत्येक केन्द्र पर निरीक्षण दल एवं उडऩदस्तों की तैनाती की गई है, जो परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखेंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा केन्द्र पर समय से पूर्व पहुंचें, अपने साथ आवश्यक दस्तावेज अवश्य लाएं तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story