फरीदाबाद : प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई करें अधिकारी : आयुष सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई करें अधिकारी : आयुष सिन्हा


उपायुक्त ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के उपायों की समीक्षा कर विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

फरीदाबाद, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी, प्रवर्तन कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपायुक्त ने पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन स्थापित करने तथा ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र वाले वाहनों के चालान करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले पुराने वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी, पीडब्ल्यूडी और अन्य एजेंसियों को सडक़ों की नियमित सफाई, रोड स्वीपिंग, पानी का छिडक़ाव तथा गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट और कवरिंग लगाने, निर्माण एवं तोडफ़ोड़ के मलबे का उचित निस्तारण करने तथा अवैध डंपिंग पर रोक लगाने को कहा। उपायुक्त ने प्रमुख ट्रैफिक जाम वाले स्थानों पर संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान तलाशने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और नियमित रूप से कार्रवाई की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपें। बैठक में नगर निगम, परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एफएमडीए, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी और पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story